शामली के बहावड़ी गांव की पूर्व प्रधान बबली देवी के हिस्ट्रीशीटर पति विवेक उर्फ विक्की की हत्या के मामले में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी प्रिंस अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में शामली, मेरठ और मुजफ्फरनगर सहित कई जनपदों में लगातार दबिश दे रही है। यह घटना एक सप्ताह पूर्व दोघट कस्बे में सतेंद्र की बेटी नेहा की शादी के दौरान हुई थी। बहावड़ी गांव से आई बारात में शामिल विवेक उर्फ विक्की पर फार्म हाउस की पार्किंग में पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान विपिन समेत कई लोग बाल-बाल बचे। हत्या के बाद भागने की कोशिश कर रहा एक आरोपी यशवीर उर्फ रजत खेत में कटीले तारों में उलझकर गिर गया, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने रजत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, उसका चचेरा भाई प्रिंस, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है, अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हत्यारोपी प्रिंस की तलाश में पुलिस की टीमें शामली पुलिस के साथ मिलकर उसके रिश्तेदारों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। थानाध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


