लखीमपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में एलआरपी चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा अपनी मां के साथ जिस किराए के मकान में रहती थी, उसी घर में आरोपी दीपक आनंद मिश्रा भी किराएदार था। वह काफी समय से छात्रा पर नजर रख रहा था। घटना वाले दिन उसने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाया और सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मुड़िया खेड़ा के पास एक गन्ने के खेत में ले गया। वहां उसने दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर छात्रा की हत्या कर दी। छात्रा 25 फरवरी से लापता थी। उसका शव 3 मार्च को गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होने के बाद संबंधित धाराओं को मुकदमे में जोड़ा गया। पुलिस ने आरोपी दीपक आनंद मिश्रा पुत्र चंद्र किशोर, निवासी मुड़िया, थाना ईसानगर की पहचान कर उसे 5 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में पहले गुमशुदगी की धारा दर्ज थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद धारा बढ़ाई गई। छात्रा की गुमशुदगी के बाद प्रभावी ढंग से तलाश न करने के आरोप में एसपी ने एलआरपी चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।


