रेवाड़ी में 15 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की गई रकम में से 8 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह ठगी नकली जेवरात गिरवी रखकर की गई थी। आरोपी की पहचान राजस्थान के जालोर जिले के बिबलसर गांव निवासी पिया कुमार के रूप में हुई है। उसने मंदोला गांव निवासी सत्यनारायण के पास नकली जेवरात गिरवी रखकर 15 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 22 दिसंबर को मंदोला निवासी सत्यनारायण ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी गांव में कपड़ों की दुकान है। उनकी दुकान पर अक्सर राजस्थान के झालोर जिले के मंडोली निवासी गोपाल मिस्त्री बनकर एक व्यक्ति आता था। 1 दिसंबर को उस व्यक्ति ने सत्यनारायण को बताया कि उसके बच्चे को कैंसर है और उसे इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। अगले दिन वह मेडिकल के कागजात लेकर आया और कहा कि उसके पास पूर्वजों के जेवरात हैं, जिन्हें गिरवी रखकर वह पैसे ले सकता है। दोबारा जांच करने पर नकली पाए गए गहने उसने एक माला दिखाई और उसमें से दो मणिए निकालकर जांच कराने को कहा। जब सत्यनारायण ने सुनार से उन मणियों की जांच कराई, तो वे असली पाए गए। इस पर विश्वास करते हुए सत्यनारायण ने उसे रेवाड़ी आकर 15 लाख रुपये दे दिए। बाद में सत्यनारायण के बच्चों ने बताया कि ऐसे लोग धोखाधड़ी करते हैं। जब उन्होंने गहनों की दोबारा जांच कराई, तो वे नकली पाए गए। गोपाल से संपर्क करने की कोशिश करने पर उसने फोन काट दिया और रॉन्ग नंबर बताया। इसके बाद पुलिस ने मॉडल टाउन थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीआईए रेवाड़ी ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 8 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द करेगी।


