मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र में एक युवक ने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि महिला ने अपने पहले पति से कानूनी रूप से तलाक लिए बिना कई युवकों से शादी की और उनसे धन व जेवरात हड़प लिए। पीड़ित युवक के अनुसार, वर्ष 2022 में उसका संपर्क इस महिला से हुआ था। युवक का आरोप है कि महिला ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर अनैतिक दबाव बनाया। इस डर से युवक महिला को अपने साथ बाहर ले गया। बाद में उसे पता चला कि महिला पहले भी कई पुरुषों के साथ इसी तरह संबंध बनाकर शादी कर चुकी है। जब युवक ने महिला से इस बारे में सवाल किया, तो वह विवाद करने लगी और घर में रखी नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई। जांच पड़ताल में यह भी सामने आया कि महिला की पहले शादी हो चुकी है और उसका तलाक अभी तक पूरा नहीं हुआ है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने उसे कथित कोर्ट मैरिज के फर्जी दस्तावेज दिखाकर गुमराह किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


