दुर्ग पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की है। सुपेला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर चापड़ से हमला करने वाले एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त, नंदनी नगर में आयोजित मड़ई मेले से लगभग 400 लोहे के कड़े जब्त किए गए हैं। यह घटना 8 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सुपेला थाना क्षेत्र में हुई। एक महिला ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के कारण दो युवक उसके घर में घुस आए। उन्होंने पहले अपशब्द कहे और फिर दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया। घर के अंदर घुसकर आरोपियों ने महिला की मां और बहन को भी गालियां दीं। उन्होंने महिला के बेटे सागर को जान से मारने की धमकी दी और लोहे का चापड़ लहराकर दहशत फैलाई। इसके बाद दोनों ने सागर को दौड़ा-दौड़ाकर हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे चोटें आईं। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CJ 1478 से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था, और पीड़ित परिवार ने तत्काल सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, नंदनी नगर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले के दौरान पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने करीब 400 लोहे के कड़े जब्त किए, जो संभावित रूप से उपद्रव में इस्तेमाल हो सकते थे। कुख्यात आरोपी और अपचारी बालक पुलिस गिरफ्त में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी जय कुमार रेड्डी और एक विधि से संघर्षरत बालक को कस्टडी में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का चापड़ और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। थाना सुपेला में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पहले से दर्ज हैं गंभीर अपराध
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी जय कुमार रेड्डी कोई के खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में वर्ष 2023 में बलवा और दोहरे हत्या का गंभीर मामला दर्ज है। वहीं थाना खुर्सीपार में भी 2025 में मारपीट और धमकी से जुड़े अपराध दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण आरोपी को क्षेत्र का कुख्यात बदमाश माना जा रहा है। मड़ई मेले में असामाजिक तत्वों पर सख्ती इधर, दुर्ग पुलिस ने नंदनी नगर थाना क्षेत्र में 7 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित मड़ई मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था तैनात की थी। मेले के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अभियान चलाकर बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे युवकों को रोका। 400 लोहे के कड़े जब्त, दी सख्त हिदायत पुलिस ने मेले में दहशत फैलाने की नीयत से लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे युवकों से करीब 400 लोहे के कड़े उतरवाकर जब्त किए। सभी को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराई गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


