छतरपुर की गौरिहार थाना पुलिस ने 18 साल पुराने चोरी और धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे 8 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ‘न्याय पथ अभियान’ के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2008 के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार था। न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। जिस पर 8 हजार रुपए का इनाम भी था जिसे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और गहन जांच के आधार पर महोबा निवासी आरोपी जितेंद्र कुमार अवस्थी को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में एसडीओपी लवकुश नगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में गौरिहार थाना प्रभारी निरीक्षक रूप नारायण पटेरिया की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक सुरेंद्र मरकाम, एएसआई राजकुमार शुक्ला और साइबर टीम के सदस्य शामिल थे।


