मऊ जिला अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप चोरी का प्रयास करते हुए एक चोर को सुरक्षा गार्डों ने रंगे हाथों पकड़ा है। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4:50 बजे हुई, जब चोर अपने तीन अन्य साथियों के साथ अस्पताल परिसर से ऑक्सीजन पाइप काटने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान नौशाद अहमद पुत्र शमसुद्दीन अहमद, निवासी सरदार पोखरा मुंशीपुरा (मऊ) के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड आनंद सिंह ने थाना सरायलखंसी में इस संबंध में तहरीर दी है। गार्ड के अनुसार, यह गिरोह पिछले लगभग एक महीने से अस्पताल से ऑक्सीजन पाइप काटकर बेचने की वारदातों में शामिल था। सुरक्षाकर्मी लगातार इनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन आरोपी हर बार भागने में सफल हो जाते थे। इस बार गार्डों ने मुस्तैदी दिखाते हुए नौशाद अहमद को पकड़ लिया। उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सरायलखंसी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनकी जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।


