भाजपा विधायक के पति पर तमंचा तानने का आरोप:दो नामजद समेत कई पर केस, पूर्व विधायक बोले- आरोप बेबुनियाद; होली के दिन निगोही में हुआ विवाद

भाजपा विधायक के पति पर तमंचा तानने का आरोप:दो नामजद समेत कई पर केस, पूर्व विधायक बोले- आरोप बेबुनियाद; होली के दिन निगोही में हुआ विवाद

शाहजहांपुर में भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा के पति राम सिंह कुशवाहा पर तमंचा तानने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर विधायक के एक समर्थक की तहरीर पर दर्ज की गई है। घटना होली के दिन निगोही थाना क्षेत्र में हुई थी। बताया जा रहा है कि राम सिंह कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ आखत डालने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर तमंचा तान दिया और गोली चलाने की धमकी दी। आरोप है कि मौके पर मौजूद समर्थकों ने युवकों से एक तमंचा भी छीन लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। विधायक सलोना कुशवाहा का आरोप है कि तमंचा तानने वाले युवक पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा के आवास से निकले थे और घटना के बाद वहीं वापस घुस गए। विधायक ने लगाए गंभीर आरोप भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि इस मामले में उनके समर्थक मुनेंद्र उर्फ कल्लू की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी पूर्व विधायक के घर में घुस गए थे, इसलिए इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। विधायक ने यह भी कहा कि दो साल पहले उनकी कार पर हुई फायरिंग में भी इन्हीं युवकों का हाथ होने का शक है। पूर्व विधायक ने आरोपों को बताया निराधार वहीं पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के दिन वह अपने नए मकान से पुराने मकान पर चले गए थे और नए मकान पर केवल परिवार की एक महिला मौजूद थी। उनका कहना है कि जानकारी के मुताबिक उस दिन कुछ लोग विधायक और उनके पति के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने उनके समर्थन में नारा लगा दिया, जिस पर उन्हें पकड़कर पीटा गया और घसीटकर ले जाने की कोशिश की गई। “बचने के लिए मेरे घर के बाहर छिपे थे युवक” रोशन लाल वर्मा ने दावा किया कि दोनों युवक किसी तरह छूटकर भागे और उनके मकान के बाहर खाली जगह में छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने कहा कि इस मामले को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तिलहर की विधायक ने पिछले चार साल में उनका और उनके समर्थकों का जीना मुहाल कर दिया है। सीसीटीवी और वीडियो की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने विधायक के समर्थक की तहरीर पर दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना के बाद पुलिस ने मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *