फिरोजाबाद में थाना एका क्षेत्र में तैनात लेखपाल रविंद्र कुमार को सतर्कता अधिष्ठान (एंटी करप्शन) आगरा की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बांके बिहारी गार्डन गेस्ट हाउस में की गई। टीम ने लेखपाल रविंद्र कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। यह राशि कुराबंदी के एक मामले में मांगी गई थी। जानकारी के अनुसार, राजपुर निवासी सूबेदार की जमीन की कुराबंदी का मामला एसडीएम जसराना न्यायालय में लंबित था। न्यायालय के आदेश पर लेखपाल रविंद्र कुमार को कुराबंदी का नक्शा/रिपोर्ट तैयार कर दाखिल करना था। आरोप है कि इस कार्य के एवज में लेखपाल ने सूबेदार से पहले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत न देने का फैसला करते हुए सतर्कता अधिष्ठान आगरा में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने एक जाल बिछाया और शनिवार को लेखपाल को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी लेखपाल को मौके से पकड़कर वाहन में बैठाया और अपने साथ ले गई। आरोपी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि आरोपी लेखपाल अक्सर क्षेत्र में रहता था, लेकिन रिश्वत लेने के लिए उसने कस्बे के गेस्ट हाउस को अपना अड्डा बना रखा था। लोग सुबह-शाम यहीं पैसे देने आते थे। दुकानदार के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे एक बुजुर्ग और एक अन्य व्यक्ति लेखपाल से मिलने गेस्ट हाउस पहुंचे थे। कुछ ही देर में दो-तीन गाड़ियों में सवार 7-8 लोग अचानक गेस्ट हाउस में घुस आए और लेखपाल को पकड़कर गाड़ी में बैठाकर ले गए। इस घटना से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।


