नए साल पर राजस्थान में बालाजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे राजगढ़ जिले के तीन दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो नाबालिगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा के पास हुई। यह सड़क हादसा गुरुवार शाम करीब 5 बजे भालता थाना क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ। यह स्थान राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा से लगभग 4 किलोमीटर पहले है। सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी और तीनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में बगा फत्तूखेड़ी (राजगढ़) निवासी अभिषेक गुर्जर (15) और डाबरिया (जिला गुना) निवासी राकेश गुर्जर (16) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बगा फत्तूखेड़ी निवासी हरिओम गुर्जर (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एम्बुलेंस से पहले अकलेरा सीएचसी ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल झालावाड़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर नए साल के अवसर पर राजस्थान के कामखेड़ा बालाजी और केलखोयरा शिव मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर मारने वाला ट्रक (क्रमांक RJ 37 GB 2197) अकलेरा की ओर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही भालता पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। भालता थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि यह घटना शाम करीब पांच बजे हुई और मामले की जांच जारी है।


