कांदोली बाइपास पर हादसा: ट्रक-पिकअप टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

कांदोली बाइपास पर हादसा: ट्रक-पिकअप टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में कांदोली बाइपास पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने–सामने की टक्कर में पिकअप सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार रैणी थाना क्षेत्र के बीटोली गांव निवासी नरेंद्र सिंह राजपूत अपने पड़ोसी धर्म सिंह राजपूत और पिकअप चालक छोटेलाल के साथ भैंस छोड़ने के लिए बहन के घर (मुंडावर) गया था। काम निपटाकर तीनों पिकअप से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कांदोली बाइपास के पास सामने से तेज गति में आ रहे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में नरेंद्र सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धर्म सिंह राजपूत और चालक छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां धर्म सिंह का इलाज जारी है, जबकि एक घायल को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *