अलवर. मत्स्य नगर डिपो की ओर से एक अप्रेल से दिल्ली व जोधपुर और अलवर डिपो की ओर से सांवरिया सेठ के लिए एसी बसों का संचालन किया जाएगा। तीनों रूट पर दो-दो एसी बसें चलेंगी। इन बसों के चलने से अलवर, भिवाड़ी, दिल्ली, जयपुर, अजमेर और जोधपुर के यात्रियों को फायदा होगा।
मत्स्य नगर डिपो के मुख्य प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने बताया कि अलवर से जोधपुर के लिए शाम 06 बजकर 45 मिनट और जोधपुर से अलवर के लिए शाम 7.30 बजे बस रवाना होगा। इस बस में पुरुषों का किराया 990 और महिलाओं का किराया 515 रुपए रहेगा। इसी प्रकार अलवर से दिल्ली के लिए सुबह 5, 10.30 और दोपहर 03.48 बजे बस चलेगी। दिल्ली से अलवर के लिए सुबह 4.24, 10.36 और शाम 05.15 बजे बस का संचालन किया जाएगा। इस बस में पुरुषों का किराया 362 और महिला का 273 रुपए किराया लगेगा। सभी बसों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। रोडवेज प्रबंधन की ओर से मत्स्य नगर डिपो को एसी की चार अनुबंधित बसें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, अलवर डिपो की ओर से तय किया गया है कि अभी केवल सांवरिया सेठ के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें एक बस अलवर से शाम 5 बजे के आसपास रवाना होगी। हालांकि अभी किराया तय नहीं हो पाया है।
पुश-बैक सीटें, आरामदायक रहेगा सफर
ये 41 सीटर बसें हैं, जिनमें पुश-बैक सीटें लगाई गई हैं। हर सीट पर एसी, पंखा और पैनिक बटन की सुविधा है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत जयपुर कंट्रोल रूम को सूचना मिल सकेगी। बस में कोई भी असुविधा होने पर मुख्य प्रबंधक सहित कई अधिकारियों के नंबर भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि लोग अपनी समस्या बता सकें।
दिल्ली रूट सबसे मुफीद
एसी बसों के संचालन के लिए दिल्ली रूट सबसे मुफीद है। अलवर से बड़ी संख्या में लोग रोजाना दिल्ली का सफर करते हैं। ट्रेनों के अलावा बस ही है, जिसके जरिए दिल्ली समय पर पहुंचा जा सकता है। यही वजह है कि मत्स्य नगर डिपो दिल्ली रूट पर दो बसें चल रहा है। इसके अलावा जोधपुर रूट पर भी जयपुर और अजमेर से बड़ी संख्या में सवारियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
एक अप्रेल से दिल्ली, जोधपुर और सांवरिया सेठ के लिए चलेंगी एसी बसें


