गाजीपुर नगर में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की नगर इकाई ने रानी लक्ष्मीबाई की 197वीं जयंती पर वीरांगना संदेश यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबंद से हुआ। यह यात्रा राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, कोतवाली और मिश्रा बाजार मार्ग से होते हुए वापस बालिका इंटर कॉलेज में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान छात्राओं ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इन झांकियों के माध्यम से झांसी की रानी के साहस, नारी सशक्तिकरण और स्वाभिमान से जुड़े संदेश दिए गए। पूरे मार्ग में “जय भवानी, जय लक्ष्मीबाई”, “भारत माता की जय” और “नारी शक्ति–राष्ट्र शक्ति” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। शहरवासियों ने भी जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विभाग संयोजक शिवांशु शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रथम वीरांगना थीं। उनका जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से नेतृत्व और नारी सम्मान की प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शिवांशु शुक्ला ने यह भी बताया कि ABVP भविष्य में भी युवाओं में राष्ट्रवाद और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस कार्यक्रम में नगर मंत्री वायु पाठक, नगर सहमंत्री काजल, विपुल और ईशान पॉल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


