हनुमानगढ़ में दो नाबालिग बालिकाओं से रेप के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को संगरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह इस मामले में नौवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। यह मामला 20 जुलाई 2024 को संगरिया थाने में दर्ज किया गया था। पीड़िता के परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि दो नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उनके साथ रेप किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। एएसपी (SIUCAW) राज कंवर की देखरेख में हुई इस कार्रवाई में एएसआई रणबीर सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार और रामावतार शामिल थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के प्रति पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


