इजरायल – ईरान की जंग के चलते गैस की दिक्कत के मुद्दे पर आज आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ ने शाम को सेक्टर-17 प्लाजा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में AAP के वालंटियर व नेता काफी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पहले वह सेक्टर -17 में रेहड़ी पर सिलेंडर लेकर पहुंचे। इस दौरान सिलेंडर को फूल मालाएं पहनाईं। लोगों के घरों पर सीधी सर्जिकल स्ट्राइक AAP नेताओं का आरोप था कि भाजपा नेता विपक्ष में रहते हुए 400 रुपये के सिलेंडर पर सड़कों पर बैठकर विरोध करते थे। आज वही 1000 रुपये पार कर चुके सिलेंडर पर खामोश हो चुके हैं। मोदी सरकार ने आम आदमी की थाली और महिलाओं के घर के बजट पर सीधी “सर्जिकल स्ट्राइक” कर दी है। एक तरफ महंगाई से जनता की कमर टूट चुकी है, वहीं दूसरी ओर अब गैस की सप्लाई रोककर जानबूझकर कमी (आर्टिफिशियल शॉर्टेज) पैदा की जा रही है, ताकि पूंजीपतियों की जेबें भरी जा सकें। व्यवस्था नहीं सुधरी तो संघर्ष करेंगे तेज AAP ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि शहर में गैस की सप्लाई व्यवस्था सुचारु नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को और तेज करेगी और भाजपा नेताओं का घर से निकलना मुश्किल कर देगी। प्रदर्शन में पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, पार्षद हरदीप सिंह, जनरल सेक्रेटरी सनी औलख, अंजू कटियाल, योगेश ढींगरा, जसबीर सिंह लाडी, शादाब राठी, ललित मोहन, मेवा राम और स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तनवर मौजूद रहे। शिशुपाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोग मौजूद थे।


