आप सांसद संजय सिंह की 80 किमी पदयात्रा:16 जनवरी को मिर्जापुर से सारनाथ तक, रोजगार-न्याय की मांग

आप सांसद संजय सिंह की 80 किमी पदयात्रा:16 जनवरी को मिर्जापुर से सारनाथ तक, रोजगार-न्याय की मांग

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह 16 जनवरी को ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। लगभग 80 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा मिर्जापुर के नारघाट स्थित शहीद उद्यान से सुबह 11 बजे शुरू होगी और वाराणसी के सारनाथ तक जाएगी। इसका उद्देश्य बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों को उठाना है। पदयात्रा का आरंभ शहीद उद्यान में शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण के बाद होगा। यह यात्रा त्रिमोहानी, बसनई बाजार, घंटाघर, खजांची का चौराहा और संकट मोचन होते हुए सिटी क्लब पहुंचेगी। दोपहर 1 बजे सांसद संजय सिंह सिटी क्लब मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद, पदयात्रा सिविल लाइन, भटौली पुल, कछवा, पाहो और खैरा बाजार से होते हुए वाराणसी के सारनाथ पहुंचेगी। आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि यह यात्रा मिर्जापुर जनपद की तीन विधानसभाओं – नगर, मझवां और चुनार से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक विभिन्न स्थानों पर इसका स्वागत करेंगे। सांसद संजय सिंह आमजन से सीधे संवाद करेंगे और बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, महंगाई तथा जनहित के अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। आप के जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने बताया कि यह पदयात्रा उत्तर प्रदेश में नौजवानों की बढ़ती बेरोजगारी और जाति के नाम पर फैलाई जा रही नफरत की राजनीति के खिलाफ है। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रदेश में ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ की तीसरी पदयात्रा है। इससे पहले पहली यात्रा अयोध्या से संगम और दूसरी रामपुर से अमरोहा तक आयोजित की गई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *