बरनाला जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के आचरण पर सवाल उठाए हैं। मीत हेयर ने राघव चड्ढा की भाजपा के प्रति कथित नरमी और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के प्रति उदासीनता को लेकर टिप्पणी की है। मीत हेयर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा को कम उम्र में इतना सम्मान दिया और पार्टी का ‘राष्ट्रीय चेहरा’ बनाया, आज जब पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही है, तब चड्ढा ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि जब केजरीवाल जेल से बाहर आए और पूरी पार्टी जश्न मना रही थी, तब चड्ढा ने बधाई का एक ट्वीट तक नहीं किया। राघव चड्ढा ने भाजपा के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया सांसद मीत हेयर ने आगे कहा कि पिछले लंबे समय से यह देखा जा रहा है कि राघव चड्ढा ने भाजपा के खिलाफ कोई बयान जारी नहीं किया है। उन्होंने टिप्पणी की कि जिस व्यक्ति (केजरीवाल) ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया, उसके प्रति ऐसी उदासीनता के पीछे क्या कारण हैं, यह लोग अच्छी तरह समझते हैं, क्योंकि जनता बहुत समझदार है। आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी मीत हेयर ने यह भी कहा कि पहले भी लोगों में यह चर्चा थी कि जिन मुद्दों को राघव चड्ढा पहले जोर-शोर से उठाते थे, अब उन पर खामोशी क्यों है। उन्होंने दावा किया कि इस चुप्पी के पीछे के कारण अब काफी हद तक सामने आ चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। यह बयान मीत हेयर ने बरनाला के कस्बा धनौला में आम आदमी पार्टी की 4 साल की कार्यगुजारी का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के दौरान दिया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और कस्बे के लोग शामिल हुए थे।


