गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई है आज सुबह दूध बेचने जा रहे युवक को एक स्कूली बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई है। यह घटना शेरापुर चौराहे के पास हुई मृतक की पहचान अनूप गोस्वामी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनूप प्रतिदिन की तरह अपनी साइकिल पर दूध लादकर बेचने जा रहा था। शेरापुर चौराहे के पास सामने से आ रही ग्रीन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनूप सीधे बस के पहियों के नीचे आ गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन अनूप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया और बस को सड़क पर ही छोड़ दिया। सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है। अनूप गोस्वामी अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए दूध बेचने का काम करता था। वही वजीरगंज थाना अध्यक्ष विपुल कुमार पांडे ने बताया कि पूरे मामले को लेकर के पुलिस द्वारा जांच की जा रही है परिजनों के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है कठोर कार्रवाई की जाएगी।


