लुधियाना जिले के गांव हठूर में शनिवार देर रात एक करियाना स्टोर में भीषण आग लग गई। इस घटना में स्टोर पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं आग बुझाने जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गांव के मशहूर मनी करियाना स्टोर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आधी रात को लपटें उठती देख गांव वालों ने शोर मचाया और गुरुद्वारा साहिब के छोटे टैंकरों से आग बुझाने का प्रयास किया। आग लगने की सूचना मिलने पर परिवार और पड़ोसी तुरंत गांव की ओर दौड़े। इसी दौरान पड़ोसी पवनप्रीत भी दुकान में लगी आग बुझाने के लिए घर से निकला, लेकिन रास्ते में वह सड़क हादसे का शिकार हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड ने कई घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोगों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना सहित अन्य शहरों से भी अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका। तब तक करियाना स्टोर पूरी तरह राख में बदल चुका था। आग की भीषणता के कारण दुकान का लेंटर फट गया और आसपास की कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। दुकान मालिक का परिवार गया था शादी में थाना हठूर के पुलिसकर्मी कुलवंत सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुकान मालिक का पूरा परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।


