लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में सड़क किनारे चादर में लिपटी अर्धनग्न महिला की लाश मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में महिला के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए हैं। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करा दिया। जानकारी के मुताबिक, अजनहर कला गांव में शुक्रवार सुबह कैलाश यादव के खेत के पास चादर में लिपटी करीब 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। शव के ऊपर रजाई और गद्दे रखे गए थे। महिला का चेहरा बुरी तरह जला हुआ था। किसी ज्वलनशील पदार्थ से चेहरा जलाया गया था। जिससे सिर के आधे बाल झुलस गए थे और आंखें बाहर निकल आई थीं। महिला की जीभ भी बाहर निकली हुई थी। शव का विसरा प्रिजर्व किया गया ग्रामीणों ने महिला के साथ रेप या गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में सिर पर वार से मौत की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने शव का विसरा प्रिजर्व किया है और स्लाइड तैयार की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला के साथ रेप हुआ था या नहीं। मामले में इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद तिवारी ने बताया कि लखनऊ के सारे थानों में गुमशुदा महिलाओं की जांच कराई गई है। लखनऊ से एक दो लोग पहचान करने आए लेकिन पहचान नहीं हो सकी। अब लखनऊ से सटे जिले सीतापुर और बाराबंकी में गुमशुदा महिलाओं की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।


