आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला होटल से चीखते हुए भाग निकली। उसके पीछे 3 युवक और एक अन्य युवती दौड़े। उन्होंने महिला को पकड़ लिया और फिर उसे घसीटते हुए होटल में ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को मुक्त कराया।
महिला हिमाचल प्रदेश की है। मामला होटल संचालक से लेन-देन का बताया जा रहा है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की तैयारी में है।
मामला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र अंतर्गत रामबाग स्थित एक होटल का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम को होटल में एक महिला बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इसी बीच महिला चीखते-चिल्लाते हुए होटल से बाहर की ओर दौड़ी। वह सड़क की ओर दौड़ रही थी। 3 युवक-एक युवती ने महिला को खींचा
तभी होटल के अंदर से ही 3 अन्य युवक और एक युवती भी महिला के पीछे दौड़ते नजर आए। कुछ दूर पर ही इन चारों ने मिलकर महिला को दबोच लिया। महिला ने भागने की कोशिश की लेकिन इन्होंने उसे जकड़ लिया। वह जमीन पर लेट गई। वह मदद के लिए बचाओ-बचाओ की आवाज लगा रही थी।
मगर, चारों ने उसे पकड़ लिया और बाल पकड़कर सड़क पर उसे घसीटने लगे। वह उसे खींचकर होटल के अंदर ले गए। बताया जा रहा है कि महिला ने होटल के शीशे को तोड़ दिया। 112 नंबर दी सूचना
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसी बीच किसी ने 112 नंबर पर कॉल कर घटना की सूचना दे दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को मुक्त कराया और उसे खींचकर ले जाने वालों को पकड़ लिया। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के अनुसार, मूलरूप से हिमाचल प्रदेश के ऊना की रहने वाली महिला टूंडला क्षेत्र में रहती है। उसके तीन बच्चे हैं। महिला का पति से विवाद चल रहा है। बच्चे ऊना में ही रहते हैं।
महिला एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। पिछले दिनों एत्माद्दौला निवासी होटल संचालक से उसकी दोस्ती हो गई। होटल संचालक का भी अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। महिला ने पुलिस को बताया-उसने युवक को कुछ रुपये दिए थे। वह रुपये लेने के लिए होटल में आई थी। इसी बीच विवाद हो गया।


