यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांव खिजरी निवासी गौरव अपने रिश्तेदारी से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी गांव तिहमो के पास पावर हाउस के नजदीक एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया, जबकि प्रतापनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार चालक ने बचने के लिए सड़क से नीचे उतारी गाड़ी पुलिस को दी शिकायत में गुलाब सिंह निवासी गांव खिजरी, थाना प्रतापनगर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है और वह अपने जीजा सुधीर वालिया के साथ मोटरसाइकिल पर प्रतापनगर से बिलासपुर की ओर जा रहा था। जब वे गांव तिहमो के पास पावर हाउस के नजदीक पहुंचे तो पीछे से एक तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही से पहले एक स्विफ्ट कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। कार चालक ने टक्कर से बचने के लिए गाड़ी को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन डंपर चालक ने गलत साइड में जाकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। रिश्तेदारी से लौट रहा था गौरव गुलाब सिंह ने बताया कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पास जाकर देखा तो मृतक उनका ताऊ का पोता गौरव पुत्र पवन, उम्र 21 वर्ष, निवासी गांव खिजरी था, जो अपनी मोटरसाइकिल पर रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और डंपर चालक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके पर डायल 112 को कॉल की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। वहीं परिजनों की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


