कटनी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। शनिवार दोपहर पटेरी ग्राम में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मंदिर जा रही एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, पटेरी ग्राम निवासी 65 वर्षीय मीराबाई लोधी (पति प्रेमलाल लोधी) प्रतिदिन की तरह दोपहर में गांव के पास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं। वह सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीराबाई सड़क पर गिर गईं और उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया। पवई में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें कटनी लाकर भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल स्थित पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


