सहारनपुर में दुकान से चीनी की बोरी चोरी…CCTV:बाइक पर रखकर ले गया चोर, पहले 20 मिनट तक दुकान के बाहर बैठा रहा

सहारनपुर में दुकान से चीनी की बोरी चोरी…CCTV:बाइक पर रखकर ले गया चोर, पहले 20 मिनट तक दुकान के बाहर बैठा रहा

सहारनपुर में थाना गंगोह क्षेत्र के शिव चौक स्थित बाजार में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहल्लड़ मल गर्ग की किराना दुकान के बाहर से एक बाइक सवार युवक चीनी की बोरी चोरी कर ले गया। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। जिसका 1 मिनट 32 सेकेंड का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचता है। वह पहले कुछ देर तक इधर-उधर नजर दौड़ाता है और फिर दुकान के चबूतरे पर बैठ जाता है, ताकि किसी को उस पर शक न हो। आसपास लोगों की आवाजाही के बीच वह मौके की तलाश में बैठा रहता है। जैसे ही उसे मौका मिलता है, वह तेजी से उठता है और दुकान के बाहर रखी चीनी का एक कट्टा उठाकर अपनी बाइक पर रख लेता है। इसके बाद वह बिना किसी हड़बड़ी के आराम से बाइक स्टार्ट कर वहां से निकल जाता है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। दुकान मालिक को जब माल की कमी महसूस हुई तो सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आ गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहल्लड़ मल गर्ग ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *