यमुनानगर के एक व्यापारी से फर्जी ट्रेडिंग कंपनी बनाकर 10 लाख रूपए ठग लिए हैं। आरोपी ने पीड़ित को तीन गुना रिटर्न देने का लालच दिया और फिर कंपनी का सॉफ्टवेयर ही बंद कर दिया। आरोपी से जब इन्वेस्ट की हुई रकम वापिस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपी अनिरुद्ध अन्नत दलवी निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंजाब में हुई थी आरोपी से मुलाकात पुलिस को दी शिकायत में राजेश कुमार पुत्र सिंग राम निवासी गांव संधाया, तहसील बिलासपुर ने बताया कि आरोपी अनिरुद्ध अन्नत दलवी ने ‘ए स्क्वायर वर्ल्ड ट्रेडिंग कंपनी’ नाम से एक फर्जी कंपनी चलाई थी। जिसके बारे में उसे अपने किसी जानकार से पता चला था। राजेश कुमार का कहना है कि अक्टूबर 2024 में डेरा बस्सी (पंजाब) में आरोपी अनिरुद्ध से उसकी मुलाकात हुई, जहां आरोपी ने कंपनी के बारे में जानकारी दी और निवेश पर 150 दिनों में तीन गुना रिटर्न देने का वादा किया। रकम लेकर कंपनी का सॉफ्टवेयर किया बंद शिकायत के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर राजेश कुमार ने विभिन्न तारीखों पर कुल 10,02,000 रुपए का निवेश किया। निवेश के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि फरवरी 2025 के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने कंपनी का सॉफ्टवेयर बंद कर दिया, जिससे उसे बड़ा झटका लगा। राजेश कुमार ने बताया कि उसने अपनी मेहनत की कमाई इस कंपनी में लगाई थी, लेकिन आरोपी भाग गया। जब पीड़ित ने फोन पर संपर्क किया, तो आरोपी ने पहले कंपनी दोबारा शुरू करने और पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन 6-7 महीने बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं किया। आरोपी बोला: बड़े लोगों से भी हड़ते पैसे राजेश का आरोप है कि अब आरोपी पैसे मांगने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी देता है। आरोपी का यह भी कहना है कि उसने बड़े लोगों और अधिकारियों के पैसे भी हड़पे हैं वो भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाए हैं। व्यसासपुर थाने से मामले में जांच अधिकारी एसआई नरेश पाल बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित की रकम वापस दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।


