इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत पीथमपुर से धार के बीच प्रस्तावित रेलवे ट्रैक के परीक्षण की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से को गुरुवार शाम यातायात के लिए खोल दिया गया। शाम से ओवरब्रिज के एक लेन से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। यह ब्रिज तीन लेन का है, जिसमें फिलहाल एक लेन से ट्रैफिक संचालित किया जा रहा है। पहले ही दिन करीब 4 हजार वाहनों के गुजरने का अनुमान लगाया गया। यह ओवरब्रिज लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है और इसकी कुल लंबाई लगभग डेढ़ किलोमीटर है। आरओबी का निर्माण कार्य वर्ष 2024 में शुरू हुआ था। ब्रिज पर 64 मीटर लंबा बो-स्ट्रिंग गर्डर भी बनाया गया है, जो इसकी प्रमुख विशेषता है। दूसरी लेन का काम अब भी चल रहा
ओवरब्रिज शुरू होने के बाद वाहन करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते देखे गए। फिलहाल एक लेन से यातायात शुरू किया गया है, जबकि दूसरी लेन का काम जारी है। इसे अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ओवरब्रिज के एक हिस्से से ट्रैफिक शुरू होने के साथ ही अन्य हिस्सों में अर्थवर्क का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि शेष निर्माण जल्द पूरा किया जा सके। इस ओवरब्रिज के शुरू होने से इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर यातायात और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।


