जयपुर में बीच सड़क दबंगई करने वाली लड़की का नया वीडियो आया सामने, बोली- मैं गुस्से में थी

जयपुर में बीच सड़क दबंगई करने वाली लड़की का नया वीडियो आया सामने, बोली- मैं गुस्से में थी

जयपुर। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए बाइक तोड़फोड़ के वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल युवती की पहचान कर ली है। सोडाला थाना पुलिस ने युवती को थाने बुलाकर पूछताछ की, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली और लिखित रूप से माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से भी खेद जताया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार यह घटना सोडाला थाना क्षेत्र में 22 गोदाम पुलिया के पास राममंदिर के सामने हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 23 मार्च को सड़क पर एक बाइक, स्कूटी और रैपिडो बाइक के बीच हल्की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में युवती को मामूली चोट लग गई और उसके कपड़े भी फट गए। इसके बाद वह काफी गुस्से में आ गई और मौके पर मौजूद बाइक चालक से 1700 रुपये देने की मांग करने लगी।

युवती ने पत्थर से तोड़ी बाइक

मामला बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें पुलिया के नीचे ले जाकर समझाने का प्रयास किया। हालांकि, युवती का गुस्सा कम नहीं हुआ। इसी दौरान उसने हेलमेट और पत्थर उठाकर बाइक पर हमला कर दिया और गाड़ी के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और फुटेज के आधार पर युवती की पहचान कर उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।

युवती बोली- मैं आपा खो बैठी

पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि हादसे के बाद वह गुस्से में अपना आपा खो बैठी थी। उसने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भरोसा दिलाया। साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर भी सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

लड़के ने FIR दर्ज कराने से किया मना

पुलिस के अनुसार, बाइक मालिक ने इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। इसलिए फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझाइश के बाद मामला शांत हो गया है। हालांकि पुलिस ने युवती को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह कानून हाथ में लेने की घटना दोहराई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *