Ujjain- एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन में हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना का भूमि-पूजन किया। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए यह प्रोजेक्ट बनाया गया है। करीब 1134 करोड़ रुपए की इस परियोजना से उज्जैन में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन Ujjain में आयुर्वेद का धनवंतरी इंस्टीट्यूट खोलने की घोषणा की और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के लिए प्रोजेक्ट संवर्धन का शुभारंभ किया। उन्होंने 47.23 करोड़ की लागत के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोक्षदायिनी क्षिप्रा मैया की कृपा से उज्जैन अब सिंहस्थ-2028 के लिए तैयार हो रहा है। भगवान महाकाल के आशीर्वाद से सिंहस्थ की तैयारियों के लिए हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना का भूमि-पूजन हो रहा है। कुल 1133.67 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित की जा रही इस परियोजना से सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उज्जैन के हर घर में लंबे समय तक जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
सिंहस्थ 2028 में पूरी दुनिया से आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में समस्त सुविधाएं मुहैया कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि क्षिप्रा के घाटों पर सिंहस्थ में आए 5 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे। रामघाट के पास एक छोटा और एक बड़ा पुल बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि हरियाखेड़ी परियोजना को 24 माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अंतर्गत हरियाखेडी एवं गंभीर पर 2 नए इंटेक वेल का निर्माण किया जा रहा है। नए जल शोधन संयंत्रों और 17 नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। योजना अंतर्गत शहरभर में 708 किमी पाइपलाइन का नया वितरण नेटवर्क विकसित किया जाएगा तथा पुरानी एसीपी पाइपलाइन भी बदली जाएगी। परियोजना से 49,087 नए घरेलू जल सेवा कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। उज्जैन के निकट बसे 20 गांवोें को भी योजना में शामिल किया गया है।
सिंहस्थ के बाद भी निर्बाध जल आपूर्ति
हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना में सिलारखेड़ी, गंभीर, उंडासा एवं साहिबखेड़ी को मुख्य जलस्रोत के रूप में उपयोग किया जाएगा जिससे सिंहस्थ के बाद भी निर्बाध जल आपूर्ति बनी रहे। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन शहर की प्रभावी जनसंख्या करीब 9.65 लाख तथा मेला क्षेत्र की अस्थायी जनसंख्या करीब 21.83 लाख अनुमानित है। दिव्य राजसी स्नान पर एक ही दिन में करीब 2 करोड़ 28 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
उज्जैन में आयुर्वेद का धनवंतरी इंस्टीट्यूट खोला जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से आयुर्वेद की पढ़ाई और चिकित्सा के लिए एक बड़ी सौगात बहुत जल्द मिलने वाली है। उज्जैन में आयुर्वेद का धनवंतरी इंस्टीट्यूट खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले महीने मार्च में उज्जैन में भव्य गीता भवन का लोकार्पण होगा। शीघ्र ही उज्जैन-इंदौर फोर लेन रोड का भूमि-पूजन भी किया जाएगा। उज्जैन भी मेट्रोपोलिटन सिटी का हिस्सा होगा। यह सभी कार्य शहर के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।


