गोरखपुर में कपड़े की थोक दुकान में लगी भीषण आग, धुआं और आग की लपटें देख अफरा तफरी

गोरखपुर में कपड़े की थोक दुकान में लगी भीषण आग, धुआं और आग की लपटें देख अफरा तफरी

गोरखपुर शहर के राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज स्थित घंटाघर मार्केट में मंगलवार की रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें दुकान के ऊपर बने मकान तक पहुंच गईं, जिससे घर में मौजूद परिवार के लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

दुकान में लगी आग ऊपर तीसरी मंजिल तक पहुंची

जानकारी के अनुसार रायगंज इलाके में ‘निष्ठा ट्रेडर्स’ नाम से कपड़ों की दुकान है, जहां चुनरी, गमछा और हैंडलूम के कपड़े थोक दरों पर बेचे जाते हैं। दुकान मालिक ने ग्राउंड फ्लोर पर दुकान और गोदाम बना रखा है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की शाम करीब 7:40 बजे अचानक दुकान के अंदर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपर बने मकान तक पहुंच गई।

धुएं का गुबार और आग की लपटें देख मार्केट में अफरा तफरी

दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की।

तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां शुरू की रेस्क्यू

फायर स्टेशन गोलघर से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी।

पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार

घटना के दौरान आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में धुआं फैलने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोग भी फायर ब्रिगेड की टीम की मदद करते हुए दिखाई दिए और आसपास की दुकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया।

फायरकर्मी आग बुझाने में लगे, भारी नुकसान की आशंका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *