मुरैना. शनिचरा चौकी क्षेत्र में कोठे का पुरा के पास से रात के समय दो नील गाय को काटने का सनीसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वन विभाग के स्टाफ ने मौके पर दबिश देकर एक शिकारी को गिरफ्तार किया है, जबकि रात के अंधेरे में तीन मौके से भाग निकले। गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि नील गाय के मांस को वे ग्वालियर व हाईवे के होटलों पर सप्लाई करते थे। मुरैना जिले का यह पहला मामला नहीं हैं, इससे पहले मार्च माह में भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है। उसके बाद भी शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
वन विभाग को शुक्रवार- शनिवार की दरम्यानी रात सूचना मिली कि कोठे का पुरा के पास रास्ते में कुछ लोग नील गाय को काटकर उसके मांस को बोरों में भर रहे हैं। रात लगभग तीन बचे वनचौकी शनिचरा के प्रभारी श्रीराम सिलावट के नेतृत्व में वन विभाग की टीम जिसमें सुरेंद्र आर्य कार्यवाहक वनपाल, पवन शर्मा वनरक्षक एवं अन्य स्टाफ शामिल था, तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई।
घेराबंदी की तो सामान के साथ पकड़ा आरोपी
टीम द्वारा कोठे का पूरा मार्ग के पास पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से नीलगाय का शिकार कर उसका मांस बोरों में भरा जा रहा था। वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी वकील अहमद (50) निवासी ग्राम शंकरपुर, जिला ग्वालियर को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य तीन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके से वन विभाग द्वारा 2 नीलगाय के कटे हुए सिर एवं भारी मात्रा में मांस जब्त किया गया। साथ ही शिकार में प्रयुक्त 1 कुल्हाड़ी एवं 5 छुरे जैसे धारदार हथियार भी बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त 4 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं, जो इस अवैध गतिविधि में उपयोग में लाई जा रही थीं।
एक माह पूर्व भी दंपती पकड़े थे
वन विभाग ने गोसेवेकों की शिकायत पर 14 मार्च को सरायछौला थाना क्षेत्र के जारह गांव में रात के समय नील गाय को काटते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया था। दो आरोपी फरार हो गए थे। जो अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी ने वन विभाग की पूछताछ में स्वीकार किया था कि वह नील गाय का मांस हाईवे के होटल व ढाबों पर सप्लाई करते थे।
लंबे समय से सक्रिय है शिकारी गिरोह
जिले में पिछले लंबे समय से नील गाय की शिकार करने वाला गिरोह सक्रिय है। इस मामले को लेकर गोसेवक पूर्व में कलेक्टर को आवेदन देकर शिकारियों के साथ साथ उन होटल संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर चुके हैं जिन पर मांस सप्लाई हो रहा है। लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई तो की लेकिन गोसेवक संतुष्ट नहीं हैं। गोसेवक हेमू पंडित का आरोप है कि नील गाय के साथ गोमांस भी होटलों पर बेचा जा रहा है, अगर कार्रवाई की जाए तो मामला सामने आ सकता है।
शनिचरा क्षेत्र में वन टीम ने रात के समय कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है, तीन भाग गए। गिरफ्तार आरोपी से दो नील गाय का मांस व अन्य सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया है कि होटलों पर मांस सप्लाई करता था।
एम एस सिसौदिया, एसडीओ, वन विभाग
हाईवे के होटलों पर निगरानी के लिए कोटवारों को लगाया है, जैसे ही नील गाय के मांस बिकने की शिकायत मिलती है, संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भूपेन्द्र सिंह एसडीएम मुरैना


