अमृतसर के खापड़खेड़ी गांव में शादी की रस्मों से ठीक एक दिन पहले एक दुल्हन अपने घर से फरार हो गई। लड़के के परिवार ने इस संबंध में घरिंडा पुलिस थाना की खासा चौकी में लड़की के परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। लड़के के परिवार ने आरोप लगाया है कि लड़की के परिजनों ने पिछले आठ महीनों से शादी की तारीख को लेकर टालमटोल किया, क्योंकि लड़की का किसी और के साथ प्रेम संबंध था। लड़के के परिवार का कहना है कि इस घटना से गांव में उनकी बदनामी हुई है और उन्हें लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान भी हुआ है। छेहरटा स्थित खापड़खेड़ी गांव निवासी 31 वर्षीय हरप्रीत सिंह की सगाई आठ महीने पहले सुल्तान विंड रोड, ड्रमा वाला बाजार की किरणदीप कौर से हुई थी। शादी की तारीख 15 फरवरी तय की गई थी और 14 फरवरी को शगुन की रस्में होनी थीं। 14 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे लड़की के परिजनों ने लड़के वालों को फोन कर बताया कि किरणदीप कौर घर से लापता हो गई है। लड़के वालों के परिजनों का कहना है कि लड़की का प्रेम संबंध था। लड़की वाले इसको छिपाकर शादी करना चाहते थे। इसलिए लड़की वाले उसकी शादी की तारीख को लेकर टालमटोल कर रहे थे। जब लड़की भाग गई तब उन्होंने जानकारी दी। एक दिन पहले आया था लड़के वालों के घर प्रेमी का फोन परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले उन्हें एक युवक का फोन आया था, जिसने कहा कि वो यूपी से बोल रहा है। युवक ने दावा किया कि उसका और किरणदीप का प्रेम प्रसंग चल रहा है और वे शादी करना चाहते हैं। युवक ने लड़के वालों से यह रिश्ता तोड़ने को कहा था। उन्होंने लड़की के परिवार को कई बार फोन किया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और बाद में उनके फोन बंद कर दिए गए। पुलिस से कार्रवाई की मांग लड़के वालों ने खासा चौकी में लिखित शिकायत देकर संबंधित परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि लड़के के परिवार की शिकायत पर लड़की के परिवार को थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


