सीतापुर में पुलिस ने रिटायर्ड लेखपाल के घर हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात में शामिल 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश कलीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कलीम तालगांव थाना क्षेत्र में हुई डकैती के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये की नगदी के साथ एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश कलीम के खिलाफ सीतापुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों में करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि तालगांव थाना क्षेत्र के निवासी रिटायर्ड लेखपाल अमर सिंह वर्मा के घर डकैतों ने कुछ समय पहले डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को असलहों की नोक पर बंधक बनाकर करीब 7 लाख रुपये की नकदी और लगभग 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। इस बड़ी घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज लखनऊ किरण एस को स्वयं मौके पर पहुंचना पड़ा था। डकैती कांड में पुलिस पहले ही सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन कलीम घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सीओ लहरपुर आलोक प्रसाद का कहना है कि मुखबिर की सूचना मिली कि कलीम सलेमपुर तिराहे के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा, कारतूस और नगदी बरामद की गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।


