रामपुर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। इस धरने को जय जवान जय किसान लोक शक्ति संगठन के जिलाध्यक्ष लाला राम गंगवार ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ समर्थन दिया है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार ने बताया कि धरने के पहले दिन से अब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी किसानों से मिलने नहीं आया है। उन्होंने प्रशासन पर किसानों की समस्याओं को अनसुना करने का आरोप लगाया। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आज मिलक नवीन मंडी से तहसील तक पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है। इस दौरान वे मंडी सचिव की प्रतीकात्मक अर्थी भी तहसील मिलक तक ले जाएंगे। इसके बाद मंडी गेट पर अर्थी का दहन कर मंडी की तालाबंदी की जाएगी। जिलाध्यक्ष गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रदर्शन के दौरान किसी भी किसान की जान या माल का नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी मिलक और नवीन मंडी सचिव मिलक की होगी। नवीन मंडी में बड़ी संख्या में किसान धरने में शामिल हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि धरने के कारण अभी तक कोई भी तोल शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। धरने में भानु प्रताप सिंह गंगवार, लालाराम गंगवार, सुनील मौर्य, फरीद खां, बाबर साहब, शाहिद खां, रामकिशोर राजपूत, अमित गंगवार, कमलजीत सिंह टोनी, सतपाल, नेकपाल राजपूत, फौजी रामदास गंगवार, सरदार योगेंद्र सिंह, नीरज कुमार, राम प्रताप गंगवार, मुशीब अली खान, सामी खान, रहमान, लखन बेनीवाल, नरेश पाल, वीरपाल, साहिल नगिल, अनुज शर्मा, अंकित शर्मा, अब्दुल रज़्ज़ाक खान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


