दिल्ली में शीतलहर की शुरुआत हो गई है। सोमवार को शहर के आया नगर स्टेशन पर सीजन में पहली बार तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इतना तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का अनुमान जताया है। बढ़ती सर्दी के बीच दिल्ली में प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 345 था, जो दोपहर में 411 पहुंच गया। इधर, राजस्थान और मध्य प्रदेश भी शीतलहर की चपेट में हैं। दोनों राज्यों के 13 शहरों में कल न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान, फतेहपुर में सबसे कम 6.8 और नागौर में 6.9 डिग्री पारा दर्ज हुआ। मध्य प्रदेश के शहडोल में स्थित कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में शिमला जितनी ठंड पड़ रही है। यहां सोमवार को 8.8 डिग्री तापमान रहा। शिमला में भी 8.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। भोपाल में 37 साल बाद लगातार तीसरे दिन तीव्र शीतलहर चली। इससे पहले 1988 में नवंबर में 3 दिन शीतलहर चली थी। राज्यों में मौसम की खबरें… हिमाचल प्रदेश: 23 शहरों में 10 डिग्री से नीचे गिरा तापमान, ताबो-केलांग और कुकुमसैरी में माइनस में पारा हिमाचल प्रदेश में बीते तीन दिन से रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को सीजन में पहली बार राज्य के 23 शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। ताबो का तापमान माइनस 5.3 डिग्री, केलांग का माइनस 2.5 और कुकुमसैरी का माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 6 जिलों में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट, 48 घंटे में 2 डिग्री तक गिर सकता तापमान पंजाब के 6 जिलों- फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा और मानसा में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे तक राज्य में तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है। इससे ठंड और बढ़ेगी। सोमवार को फरीदकोट में सबसे कम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा। पूरी खबर पढ़ें…
दिल्ली में शीतलहर शुरू, तापमान 9.9° पहुंचा:AQI 400 पार; राजस्थान-MP के 13 शहरों में पारा 10 से नीचे, भोपाल में शिमला जितनी ठंड


