आस्था और सेवा का दिव्य संगम…:संत-महात्माओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ करवाया पूजन, चारों ओर गूंजे मातारानी के जयकारे और भजन

भास्कर न्यूज | जालंधर शुक्रवार को सिद्धिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में शुरू हुई तालाब की कारसेवा के दौरान धार्मिक वातावरण में आस्था और सेवा का संगम देखने को मिला। चारों ओर गूंज रहे माता रानी के भजन और जयकारों ने माहौल को और भक्तिमय बनाया। संत महात्माओं और श्रद्धालुओं से खचाखच भरे श्री राम हॉल के बाहर लोग कारसेवा में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आए। उन्होंने तालाब की मिट्‌टी से तिलक लगाया और स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। कारसेवा शुरू करते राज्यपाल। इस मौके पर सुबह संत-महात्माओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन करवाया। समागम में शामिल हुए राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने सरोवर की कारसेवा की शुरुआत की। उन्होंने सभी वर्गों से सेवा में भाग लेने को कहा। राज्यपाल ने कहा कि तालाब की सफाई करना अपने घर की रोजाना सफाई करने के ही समान है। जैसे हम अपने घरों को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी तरह हमारा कर्त्तव्य है कि हम परमात्मा के घरों को भी कारसेवा के जरिए साफ-सुथरा रखें। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थान हम सबको अपने कर्तव्य पूरे उत्साह से निभाने के लिए ताकत और आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के लिए अपने बच्चों को इस पवित्र सेवा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा। वहीं महासचिव राजेश विज ने मंदिर की पवित्र भूमि पर किए जा रहे सामूहिक प्रयास को शहर में एकता और सेवा भावना का सुंदर संदेश बताया। कारसेवा में ब्रह्मकुमारी आश्रम से आई बहनों का छोटा-सा समूह भी उतरा। उनकी आवाज में ऐसा सुकून है कि तालाब एक पल के लिए थम-सा जाता है। उनकी आंखों में एक ऐसी चमक है, जैसे जिंदगी बहुत कुछ समझा चुकी हो। समागम के दौरान महामंडलेश्वर ….. संत कुमार स्वामी, स्वामी सज्जनानंद, महामंडलेश्वर बंसी दास, महंत राज किशोर, स्वामी सज्जनानंद के अलावा समागम में पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुंडियां, कैबिनेट मंत्री और आप के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा, पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सांसद और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी समेत मेयर विनीत धीर, नितिन कोहली आदि मौजूद रहे। श्री देवी तालाब मंदिर में कार सेवा की सेवा के दौरान कांग्रेस के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया स्टेज पर पास ही बैठे थे। पहले दोनों चुप थे। फिर सिसोदिया ने चन्नी से हाथ मिलाते हुए बातें शुरू कर दी। इतने में चन्नी भी अपनी कुर्सी खिसकाकर सिसोदिया के पास आ गए। दोनों की गुफ्तगू राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा में रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *