संभल में प्रधानी और जमीनी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के नगला डुमायल गांव में हुई। घायल मनीष यादव (28 वर्षीय) पुत्र सरवन यादव को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके पैर में गोली लगी है। मनीष यादव संभल से दिल्ली जा रहे थे। उनके पिता सरवन यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने खेत पर उनकी गाड़ी के आगे डनलप लगाकर रास्ता रोक दिया। जब मनीष ने भागने की कोशिश की, तो उन लोगों ने उसे गोली मार दी। इस मामले में पूर्व प्रधान पक्ष के विजेंद्र, नेत्रपाल, नवाब, रणबीर, मनोज और मुनेश सहित अन्य लोगों पर गोली मारने का आरोप लगा है। पिता सरवन यादव के अनुसार, उनकी उन लोगों से जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। उन्होंने बताया कि दो महीने पहले भी उन लोगों ने उन पर हमला किया था। सरवन यादव ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिस पर आरोपियों का कब्जा था। इस संबंध में कानूनी कार्रवाई चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों ने उन्हें कई बार जान से मारने और उनकी औलाद को भी मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मेघपाल सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि घायल युवक वर्तमान प्रधान पक्ष से है, जबकि आरोपी पूर्व प्रधान पक्ष से हैं। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चुनाव और जमीनी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा है और दोनों के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध दिख रही है।


