कांग्रेसी सांसद एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी प्रेजेंटेशन में सोनीपत के राई हलके का जिक्र किया। हलके के गांव मलिकपुर के 4 परिवारों का वीडियो दिखाया। ये वे वोटर थे, जिन्होंने अप्रैल-2024 के लोकसभा चुनाव में तो वोट दिया। 6 महीने बाद विधानसभा चुनाव में उनके वोट काट दिए गए। राहुल ने दावा किया कि इनके वोट चोरी किए गए, क्योंकि इन्होंने कांग्रेस को वोट दिया था। इन दावों का सच जानने दैनिक भास्कर एप टीम पहुंची गांव मलिकपुर। यहां उन सभी लोगों से संपर्क किया, जिनके वीडियो राहुल गांधी ने मीडिया के सामने दिखाए। इन्हीं में शामिल सद्दाम हुसैन व उनकी पत्नी यासमीन ने खुलकर कहा कि वे 29 साल से कांग्रेस से जुड़े हैं। लोकसभा में कांग्रेस को वोट दिया तो विधानसभा में उनके वोट काट दिए गए। वहीं, अंजलि त्यागी ने बताया कि करीब 2 महीने पहले कांग्रेस की टीम आई थी। वोट काटने की बात बताने की वीडियो बनाई। उन्हें नहीं पता था कि ये वीडियो भाजपा के खिलाफ इस्तेमाल की जाएगी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 250 वोट कटे हैं। इस पूरे मामले पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) राजवंती का पक्ष लेने का प्रयास किया तो उन्होंने घर का दरवाजा ही बंद कर लिया। गांव में वोटर लिस्ट से नाम काटने और नए नाम जोड़ने में बीएलओ की अहम भूमिका रहती है। सिलसिलेवार पढ़ें मलिकपुर गांव में जिनके वोट कटे वे क्या बोले… केस नंबर-1
कृष्ण कुमार बोले- परिवार कांग्रेसी, भाजपा के एजेंट ने वोट कटवाया
सबसे पहले भास्कर एप टीम मलिकपुर गांव के कृष्ण कुमार के घर पहुंची। घर के मुखिया कृष्ण कुमार उस वक्त भैंसों के बाड़े में थे। बोले- हम पुराने कांग्रेसी हैं। खुलकर कांग्रेस का समर्थन करते हैं। गांव के भाजपा एजेंट ने मिलीभगत कर बेटे अजय त्यागी का वोट कटवाया है। उन्होंने बताया कि बेटे ने लोकसभा चुनाव में बूथ नंबर-3 पर वोट डाला था। विधानसभा में वोट ही कट गया। परिवार के बाकी सदस्यों का वोट नहीं काटा गया। बेटा यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली में रह रहा है। परिवार वोट डालने गया, तो बेटे की वोट कटा हुआ मिला। कृष्ण कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी जय भगवान आंतिल को इस बारे में सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि जय भगवान की टीम वीडियो बनाने आई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बूथों पर बीजेपी समर्थक लोग कब्जा किए हुए थे और पुलिसकर्मी मौन दर्शक बने रहे। कृष्ण कुमार खेती-बाड़ी से जुड़े हैं और परिवार की कई पीढ़ियां कांग्रेस से जुड़ी रही हैं। केस नंबर-2
अनुज त्यागी के परिवार के 4 वोट कटे
इसके बाद टीम मलिकपुर गांव के महेंद्र त्यागी के परिवार में पहुंची। यहां अनुज त्यागी, उनके भाई राहुल और दोनों की पत्नियों साक्षी व सोनिया के वोट कटे मिले। परिवार में उस समय शादी की तैयारियां चल रही थीं। अनुज त्यागी ने बताया कि उन्होंने लोकसभा चुनाव में वोट डाला था, लेकिन विधानसभा चुनाव में चार वोट काट दिए गए। उन्होंने बताया कि उनके भाई राहुल और भाभी गन्नौर में रहते हैं, जबकि वह खुद धारूहेड़ा में नौकरी करते हैं। अनुज ने बताया कि कांग्रेस की टीम करीब 2 महीने पहले उनके घर वीडियो बनाने आई थी। उनकी पत्नी का वीडियो भी वोट चोरी को लेकर बनाया गया था और आधार-पैन कार्ड लिए गए थे। अनुज का कहना है कि परिवार में कुल 9 वोट थे, जिनमें से 4 वोट काटे जाने के कारण वह मतदान नहीं कर पाए। बाद में दोबारा वोटर कार्ड बनवाए गए। केस नंबर-3
सद्दाम हुसैन बोले- ताजपुर से मलिकपुर शिफ्ट हुए, करीब 250 लोगों की वोट कटे
ताजपुर गांव से मलिकपुर में रहने आए सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह 15 साल से वेल्डिंग का काम कर रहे हैं और यहां मकान बना लिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने और उनकी पत्नी यासमीन ने वोट डाला था, लेकिन विधानसभा चुनाव में दोनों के वोट काट दिए गए। सद्दाम ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने लोकसभा में BJP के खिलाफ वोट दिया, उनके वोट विधानसभा में हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि उनकी पुरानी पीढ़ी चौटाला परिवार से जुड़ी थी, लेकिन पिछले 29 साल से कांग्रेस के साथ हैं। सद्दाम के अनुसार, गांव में करीब 250 वोट काटे गए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दस्तावेज वोट बनवाने के नाम पर लिए थे। उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में कहा कि मलिकपुर और आसपास के गांवों में सचमुच वोट चोरी हुए हैं। केस नंबर-4
अंजलि त्यागी ने कहा- वीडियो को भाजपा के खिलाफ प्रयोग कर रही कांग्रेस टीम
अंजलि त्यागी के घर पहुंचने पर उनके ससुर और पोती मौजूद थे। अंजलि त्यागी से बातचीत की गई तो पता चला कि उनका पूरा परिवार कांग्रेसी है, लेकिन दबी जुबान से अंजलि का यह भी कहना था कि वह बीजेपी के खिलाफ भी नहीं बोलना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस के लोग उनके वीडियो को भाजपा के खिलाफ प्रयोग कर रहे हैं। अंजलि का कहना है कि 2019 में उसकी शादी अमित त्यागी के साथ हुई थी। लोकसभा के चुनाव में उन्होंने अपना पहली बार वोट डाला था। उस दौरान उनके पास कोई वोटर आईडी भी नहीं थी। केवल एक स्लिप के माध्यम से ही उन्होंने वोट डाल दिया था। बाद में जब 2024 के विधानसभा चुनाव में वोट डालने का अवसर आया तो वह अपना वोट नहीं डाल पाई। क्योंकि उसका वोट कटा हुआ था। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि उनके परिवार कांग्रेस को समर्पित रहा है तो अंजलि ने कहा है कि वोट देने का अधिकार सबका अपना पर्सनल होता है, उसको उन्होंने शेयर करने से मना कर दिया। बोलीं-वोट देना हर नागरिक का व्यक्तिगत अधिकार है और इसे किसी दल से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बीएलओ ने किया दरवाजा बंद
भास्कर टीम जब मलिकपुर वार्ड-1 की बीएलओ राजवंती से जब वोट काटे जाने को लेकर जानकारी लेने पहुंची तो उन्होंने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया और कोई जवाब नहीं दिया। फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि कई बार एड्रेस न मिलने पर वोट दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाते हैं, लेकिन जानबूझकर किसी का वोट नहीं काटा जाता। राजवंती आंगनबाड़ी वर्कर हैं। कांग्रेस युवा नेता अनंत दहिया और जय भगवान आंतिल की टीम ने किया राई का सर्वे
कांग्रेस युवा नेता अनंत दहिया और पूर्व प्रत्याशी जय भगवान आंतिल की टीम ने राई विधानसभा में वोट काटे जाने का सर्वे किया। टीम का दावा है कि केवल मलिकपुर गांव में 150 से अधिक फर्जी वोट डलवाए गए और पूरी राई विधानसभा में कई वैध वोट काटे गए हैं। गांव के सरपंच विक्की बोले- 3500 वोट पोल हुए
मलिकपुर गांव के सरपंच विक्की ने कहा कि गांव में करीब 4600 वोट हैं, जिनमें लगभग 3500 वोट पोल हुए। गांव में चार अलग-अलग बूथ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव मेंं केवल कांग्रेस समर्पित नहीं, बल्कि भाजपा से जुड़े हुए लोगों के भी वोट कटे हैं। इसे वोट चोरी जैसा कहना गलत है। जिनकी वीडियो जारी की गई है, उन सभी की एक जैसी बात निकल कर सामने आई। लोकसभा चुनाव में गांव से कांग्रेस को बढ़त, विस चुनाव में बाजी पलटी
ग्रामीणों ने बताया कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में राई हलके और इस गांव से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी को ज्यादा वोट मिले थे। हालांकि, 6 महीने बाद विधानसभा चुनाव में बाजी पलट गई। तब भाजपा की कृष्ण गहलावत को कांग्रेस प्रत्याशी जयभगवान अंतिल से करीब 600 वोट ज्यादा मिले। राई हलके में भाजपा उम्मीदवार कृष्णा गहलावत को 64,614 वोट मिले जबकि कांग्रेस के जय भगवान को 59,941 वोट मिले। जीत का अंतर 4,673 वोट रहा। सांसद ब्रह्मचारी बोले- अब हर दिन नए खुलासे होंगे
सोनीपत लोकसभा सीट से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा- गन्नौर और राई इंडस्ट्री एरिया में सबसे ज्यादा वोट चोरी लोकसभा चुनाव में भी हुए थे। हालांकि, तब हम जीत गए थे, इसलिए ज्यादा ध्यान नहीं दिया। एक वार्ड में एक व्यक्ति के 20-20 वोट फर्जी तरीके से बनाए गए हैं। चेहरे, पिता का नाम और सारी जानकारी एक जैसी होती है। राई विधानसभा हलके में अभी तक 2 से 3 हजार वोट फर्जी पकड़े जा चुके हैं। अब हर दिन खुलासा किया जाएगा। हाईवे से सटे हुए एरिया में सबसे ज्यादा वोट फर्जी बनाए गए हैं।
राई में जिन 4 परिवारों के ‘वोट चोरी’ उनकी जुबानी:बोले- कांग्रेस को वोट देने से कटा, VIDEO बना ले गए; BLO ने दरवाजा बंद किया


