पंजाब के मानसा शहर में चार दिन पहले हुए गोली कांड में पुलिस ने तीसरे आरोपी को रोपड़ से गिरफ्तार किया है। इससे पहले दो मुख्य आरोपियों को भी रोपड़ जिले से ही पकड़ा गया था। यह घटना 28 अक्टूबर को शाम करीब 4:30 बजे मानसा के गुरुद्वारा चौक में हुई थी। इसमें दो बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां चलाईं और फरार हो गए थे। 72 घंटे बाद मानसा पुलिस ने रोपड़ जिले के निवासी दोनों बदमाशों गुरसाहिब सिंह और रमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। हैं। गुरसाहिब सिंह की निशानदेही पर हथियार बरामद करने ले जाते समय उसने पुलिस पर हथियार उठाकर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गुरसाहिब सिंह घायल हो गया, जिसका इलाज मानसा के अस्पताल में चल रहा है। मानसा पुलिस के एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस ने उनके साथी रोपड़ निवासी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के अनुसार, बलविंदर सिंह ने इन दोनों आरोपियों को पनाह दी थी। पुलिस अब बलविंदर सिंह से पूछताछ कर रही है। पता किया जा रहा है कि हथियार किसने उपलब्ध कराए थे। मामले की आगे की जांच जारी है।


