डीग की बृजनगर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से सिम कार्ड सहित चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को निशाना बनाते थे। वे कभी लेडीज सूट की होम डिलीवरी का झांसा देते, तो कभी पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों-करोड़ों रुपये मिलने का लालच देते थे। लोगों को भरोसे में लेने के बाद आरोपी फोन-पे और गूगल-पे स्कैनर के जरिए रुपये मंगवाकर ठगी करते थे। थाना अधिकारी को मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकत पुत्र सुबान (45) और साहिद पुत्र जाकिर हुसैन (22) के रूप में हुई है। दोनों बृजनगर थाना क्षेत्र, जिला डीग के निवासी हैं। पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण संख्या 308/2026 दर्ज किया है। आरोपियों से साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों के बारे में पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत की गई।

