मिर्जापुर में बच्चों ने ट्रैफिक रूल्स बताए:डीएम-एसपी ने रैली को हरी झंडी दिखाई, एनसीसी कैडेट्स हुए शामिल

मिर्जापुर में बच्चों ने ट्रैफिक रूल्स बताए:डीएम-एसपी ने रैली को हरी झंडी दिखाई, एनसीसी कैडेट्स हुए शामिल

मिर्जापुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने यातायात जागरूकता चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा के नियमों को अपनी आदत में शामिल करना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक ने स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना चाहिए। तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात संकेतों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। नियमों का पालन करके सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है। इस दौरान पुलिस लाइन से निकाली गई चेतना रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। पीएसी बैंड पार्टी और पुलिस बल के साथ निकली रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। यातायात माह के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में यातायात पुलिस तथा स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा यातायात जागरूकता चेतना रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *