उमरिया में नेशनल हाईवे-43 पर वर्षा पेट्रोल पंप के पास रविवार को ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 62 वर्षीय रमेश सिंह की मौत हो गई और 51 वर्षीय पुरुषोत्तम साहू घायल हो गए। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सेहरा निवासी रमेश सिंह और पुरुषोत्तम साहू किसी काम से उमरिया बाजार आए थे। बाजार का काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को जिला चिकित्सालय उमरिया ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने रमेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुरुषोत्तम साहू का अस्पताल में इलाज जारी है। उमरिया कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

