मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को प्रदेश की उर्दू अकादमी के निवर्तमान चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के आवास पहुंचे। गोरखनाथ मंदिर के पास स्थित उनके आवास पर बेटे मोहम्मद जेद की शादी का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री ने नवदंपति को उपहार और शगुन देकर आशीर्वाद दिया। चौधरी कैफुलवरा ने पुष्पगुच्छ और उपहार देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने आवास पर पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। गोरक्षपीठ से 3-4 पीढ़ियों से पारिवारिक संबंध चौधरी कैफुलवरा ने बताया कि उनके परिवार का गोरखनाथ मंदिर के महंत और पीठ से तीन-चार पीढ़ियों से पारिवारिक जुड़ाव रहा है। पहले ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ भी परिवार के मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैफुलवरा को उर्दू अकादमी का चेयरमैन बनाया था। वह कई वर्षों तक इस पद पर रहे। उनका परिवार मंदिर के विभिन्न आयोजनों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। विजयदशमी पर निकलने वाली शोभायात्रा में कैफुलवरा के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज के लोग सबसे पहले मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर का स्वागत करते हैं। परिवार हर साल इस परंपरा का निर्वहन करता आ रहा है। वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रामरतन बनर्जी को दी श्रद्धांजलि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रामरतन बनर्जी के निधन पर उनके दीवान बाजार स्थित आवास भी पहुंचे। डॉ. रामरतन बनर्जी, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रूप कुमार बनर्जी के पिता थे। उनका कुछ दिन पहले निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने डॉ. रामरतन बनर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए महायोगी गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की। साथ ही परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

