दौसा में पंचायत चुनाव के तहत तृतीय चरण का प्रचार कैंपेन रविवार शाम 6 बजे थम गया। यहां मतदान करवाने के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी अंतिम प्रशिक्षण के बाद 2 नवंबर को पंडित नवल किशोर शर्मा पीजी कॉलेज से होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अरविंद शर्मा ने बताया कि मतदान दलों का प्रशिक्षण दो पारियों में आयोजित होगा। प्रथम पारी में सुबह 8 से 11 बजे तक पंचायत समिति लालसोट, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा एवं सिकराय के मतदान दलों का प्रशिक्षण होगा। द्वितीय पारी में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक पंचायत समिति नांगल राजावतान, दौसा, सिकंदरा एवं लवाण के मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मतदान दल निर्धारित काउंटर से निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर अपने आवंटित क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। मतदान दलों की बैठक एवं प्रशिक्षण व्यवस्था पंचायत समितिवार स्थापित टेंट में की जाएगी। कॉलेज के गेट नंबर 3 से लालसोट, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा एवं सिकराय की ओर जाने वाले वाहन निकलेंगे, जबकि गेट नंबर 4 से नांगल राजावतान, दौसा, सिकंदरा एवं लवाण की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी होगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान दलों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री वितरण, बैठक एवं वाहन व्यवस्था के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

