तरनतारन में रुपिंदर कौर संधू ने रविवार को आधिकारिक रूप से मार्केट कमेटी तरनतारन की चेयरपर्सन का पद संभाल लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों, मजदूरों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मार्केट कमेटी कार्यालय में आयोजित विशेष समारोह में तरनतारन के विधायक हरमीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रुपिंदर कौर संधू को कुर्सी पर बैठाकर पदभार संभालने की रस्म पूरी कराई और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। विधायक संधू ने इस नियुक्ति के लिए आम आदमी पार्टी (आप) हाईकमान का भी धन्यवाद जताया। चेयरपर्सन ने अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि मंडियों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। साफ-सफाई, पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम और फसल खरीद के सुचारू प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विधायक हरमीत सिंह संधू के नेतृत्व में पूरी टीम भावना के साथ काम किया जाएगा ताकि हर वर्ग की समस्याओं का समय पर निवारण हो सके। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद, सरपंच और क्षेत्र निवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से वरिष्ठ पार्षद एवं ब्लॉक प्रधान सरबरिंदर सिंह भरोंवाल, राजबीर सिंह संधू, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन गुरमिंदर सिंह रटौल, मनजीत सिंह मन्ना और रुपिंदर कौर संधू के पारिवारिक सदस्य उपस्थित थे।

