Tiger Shroff Firing: एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना के बाद अब नागपुर में सराफा कारोबारियों को धमकी भरे पत्र भेजने का मामला सामने आया है। शहर के आठ सराफा व्यापारियों से 10-10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। पत्र में रकम नहीं देने पर टाइगर श्रॉफ की तरह गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई है। सभी पत्र लॉरेंस गैंग के नाम से भेजे गए हैं। इस घटना के बाद नागपुर के सराफा कारोबारियों में डर का माहौल है।
डाक से धमकी भरे पत्र मिले
जानकारी के अनुसार नागपुर के आठ सराफा व्यापारियों को डाक से धमकी भरे पत्र मिले हैं। इन पत्रों में प्रत्येक व्यापारी से 10 लाख रुपए देने की मांग की गई है। पत्र में साफ लिखा है कि रकम नहीं देने पर उनके टुकड़े कर दिए जाएंगे। साथ ही टाइगर श्रॉफ की तरह गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी गई है। धमकी देने वालों ने व्यापारियों को रकम देने का तरीका भी बताया है। पत्र में लिखा है कि जब पैसों का इंतजाम हो जाए तो अपनी दुकान के सामने ‘जय श्रीराम’ लिख देना। इससे उन्हें समझ में आ जाएगा कि व्यापारी रकम देने के लिए तैयार है।
आठों पत्रों में लिखावट एक जैसी
पत्र में व्यापारियों को मध्यमवर्गीय बताते हुए अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। खास बात यह है कि आठों पत्रों में लिखावट एक जैसी बताई जा रही है। सभी पत्रों में लॉरेंस बिश्नोई और जय श्रीराम का उल्लेख किया गया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पत्र एक ही व्यक्ति ने लिखे हैं। हालांकि इन पत्रों के पीछे वास्तव में कौन है और उनका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की जानकारी मिलने के बाद नागपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सराफा व्यापारियों में चिंता और डर
पुलिस धमकी भरे पत्रों की लिखावट और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, ऑल इंडिया ज्वेलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने कहा कि इस घटना से शहर के सराफा व्यापारियों में चिंता और डर का माहौल है। गौरतलब है कि मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई थी। इसके कुछ समय बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और बॉलीवुड को भी धमकी दी थी। अब नागपुर के व्यापारियों को मिले पत्रों ने सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

