देश की स्टार बॉक्सर और कोटा की बेटी अरुंधति चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। फिनलैंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता में अरुंधति ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेजबान फिनलैंड की बॉक्सर विलमा कूसीक्को को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना को 5-0 शिकस्त दी। वहीं, फाइनल मुकाबले में आयरलैंड की एवलिन ईघरो को 4-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीत लिया। गौतम के अनुसार, इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया। भारत की ओर से 7 महिला और 7 पुरुष बॉक्सरों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। अरुंधति ने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। अरुंधति की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष एवं उनके पिता सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

