बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम डायनटोली में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी 55 वर्षीय मां पर कुदाली से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर दो से तीन बार वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को डायल 112 के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर 1 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घर में लिपाई-पोताई कर रही थी महिला पुलिस के मुताबिक, घटना 31 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम डायनटोली निवासी बिफती उरांव (55) अपने घर में लिपाई-पोताई कर रही थीं। इसी दौरान उनके बेटे गोविन्द बेक (28) से घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गोविन्द ने जान से मारने की नीयत से घर में रखी छोटी कुदाली (कुदरा) से अपनी मां के सिर पर दो-तीन वार कर दिए। हमले में महिला बेहोश होकर गिर गई। घटनास्थल से मिट्टी और कुदाली जब्त घटना के बाद ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला को डायल 112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया। महिला की रिपोर्ट पर कुसमी थाने में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान एफएसएल सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से खून लगी मिट्टी और साधारण मिट्टी जब्त की गई। वहीं, आरोपी के कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली भी जब्त की गई। 1 नवंबर को न्यायालय में किया पेश पुलिस ने आरोपी गोविन्द बेक, पिता स्व. मंगल बेक, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार किया। इसके बाद 1 नवंबर को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

