लखनऊ में 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में मेरठ जोन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। एथलेटिक्स और साइकिलिंग के पुरुष व महिला वर्ग में सर्वाधिक अंक हासिल कर मेरठ जोन ने चैंपियनशिप की चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 नए कीर्तिमान बनाए। इनमें 5 रिकॉर्ड महिला खिलाड़ियों और 4 पुरुष खिलाड़ियों के नाम रहे। 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में 27 अक्टूबर से आयोजित प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आशीष पाल पुरुष वर्ग के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने व्यक्तिगत प्रदर्शन में प्रयागराज जोन के आशीष पाल 1079 अंकों के साथ पुरुष वर्ग के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने। महिला वर्ग में आगरा जोन की निधि ने 1117 अंक हासिल कर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता। साइकिलिंग में मेरठ जोन के केशव शर्मा 18 अंक के साथ सर्वश्रेष्ठ पुरुष साइक्लिस्ट और आरती 19 अंक के साथ सर्वश्रेष्ठ महिला साइक्लिस्ट चुनी गईं। एथलेटिक्स पुरुष वर्ग में मेरठ जोन विजेता और लखनऊ जोन उपविजेता रहा। महिला वर्ग में मेरठ जोन ने पहला और वाराणसी जोन ने दूसरा स्थान हासिल किया। साइकिलिंग के पुरुष वर्ग में मेरठ के बाद कानपुर जोन दूसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में मेरठ विजेता और गोरखपुर उपविजेता बना। अंतिम दिन भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम अंतिम दिन पुरुष मैराथन में पीएसी पश्चिमी जोन के रवि राघव ने 2 घंटे 38 मिनट 12.60 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। पुरुष 4×400 मीटर रिले में मेरठ जोन की टीम 3:23.75 मिनट के समय के साथ विजेता बनी। महिला वर्ग की इसी स्पर्धा में मेरठ की टीम ने 3:58.53 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। देखिए तस्वीरें…

