कैथल में प्योदा रोड पर सड़क हादसे में एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर दूध की डेयरी से अपने घर की ओर जा रहा था। उसके आगे चल रहे ट्रक के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उसकी मोटरसाइकिल सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव चंदाना के रहने वाले कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों क बयान पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोस्त के पास गया था गांव चंदाना निवासी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि कृष्ण कुमार के दोस्त की कैथल शहर में डेयरी है। रात के समय वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसकी डेयरी से अपने घर जा रहा था। जैसे ही प्योदा रोड पर पहुंचा तो उसके सामने जा रहे ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कृष्ण की मोटरसाइकिल सामने से जा रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। खेती करता है परिवार राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। वे मौके पर पहुंच गए तो कृष्ण मृत अवस्था में पाया गया। परिजनों ने बताया कि कृष्ण के परिवार में उसके दो बेटे हैं। वे खेती बाड़ी का काम करते हैं। सिविल लाइन थाना एसएचओ गीता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया, जहां से बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

