औरैया में किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिले में खेत बचाओ अभियान-2026 चलाया जा रहा है। 22 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। उप कृषि निदेशक के मुताबिक, जिले के सभी विकास खंडों में कुल 49 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विकास खंड में सात कार्यक्रम तय किए गए हैं। अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र ग्वारी, अछल्दा के वैज्ञानिक और कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं। इसमें मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, एकीकृत कीट प्रबंधन, जल संरक्षण, जलवायु के अनुकूल खेती और फसल विविधीकरण जैसे विषय शामिल हैं। सरकारी योजनाओं और किसान आईडी के बारे में बताया किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, किसान आईडी बनवाने और उसे अपडेट कराने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। रबी फसलों के सामान्य बीज और मिनीकिट की बुकिंग व वितरण के बारे में भी किसानों को बताया जा रहा है। एरवाटिकुर और बिझाई में हुए कार्यक्रम बुधवार को एरवाकटरा विकास खंड के ग्राम एरवाटिकुर में सुबह की पाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, सहार विकास खंड के ग्राम बिझाई में दोपहर की पाली में किसानों को जानकारी दी गई। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने के बताए तरीके कार्यक्रमों में किसानों को रबी फसलों की बुवाई, कीट और रोगों से बचाव तथा उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों के बारे में बताया गया। साथ ही खेती की लागत कम करके आमदनी बढ़ाने के उपाय भी समझाए गए। अभियान के जरिए किसानों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

